रामपुर में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में तहसील शाहबाद सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस दौरान विद्युत, पूर्ति, चकबन्दी, समाज कल्याण, प्रोबेशन, जल निगम ग्रामीण, राजस्व आदि विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। समाधान दिवस के दौरान एक शिकायतकर्ता द्वारा नगर पंचायत शाहबाद के लिपिक पर एसीपी लागू न करने एवं वेतन निर्धारण न किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित लिपिक का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त तहसील शाहबाद के ग्राम मदारपुर में चकरोड पर अवैध कब्जा, ग्राम सागरपुर सैफनी में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा तथा ग्राम शाहदरा में नाले पर अतिक्रमण कर पेड़ लगाए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुईं। इन मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस टीम गठित कर तत्काल मौके पर मुआयना कर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी जन शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतें और प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके। भूमि विवाद एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इसी प्रकार तहसील सदर में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 19 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील मिलक में उपजिलाधिकारी मिलक की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील बिलासपुर में उपजिलाधिकारी बिलासपुर की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 10 शिकायतें प्राप्त हुईं और 2 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील टाण्डा में उपजिलाधिकारी टाण्डा की अध्यक्षता में 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर निस्तारण किया गया।
वहीं तहसील स्वार में उपजिलाधिकारी स्वार की अध्यक्षता में 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
