डीआईजी ने पुलिस कार्यालय और विभिन्न शाखाओं का किया वार्षिक निरीक्षण, अभिलेखों के रख-रखाव और जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

रामपुर (रिपोर्ट: शाहबाज़ खान): पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं अन्य राजपत्रित अधिकारियों की उपस्थिति में गार्ड की सलामी लेने के बाद पुलिस कार्यालय एवं कार्यालय स्थित विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया गया।

इस दौरान डीआईजी ने आईजीआरएस शाखा, प्रधान लिपिक शाखा, रिट सेल, अपराध शाखा, पासपोर्ट शाखा, आंकिक शाखा सहित अन्य शाखाओं का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों की शुद्धता, पूर्णता, पत्रावलियों के समुचित संधारण और कार्यालय की साफ-सफाई की गहन समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों से अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव, जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शाखा में अभिलेखों का नियमित निरीक्षण किया जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की सुरक्षित संरक्षा, डिजिटल अभिलेखीकरण की प्रगति तथा कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर पुलिस कार्यालय की कार्यकुशलता सीधे तौर पर जनता के संतोष से जुड़ी होती है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करें। साथ ही निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यालय व्यवस्था को और अधिक मजबूत, प्रभावी और जनोन्मुख बनाया जाए, ताकि आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी शाहबाद, क्षेत्राधिकारी टांडा/लाइन्स, क्षेत्राधिकारी मिलक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.