रथ यात्रा के पावन अवसर पर धर्मेंद्र प्रधान ने शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से लिया आशीर्वाद

पुरी। श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा के पावन अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को श्री गोवर्धन मठ, पुरी पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सनातन परंपरा और श्रीजगन्नाथ संस्कृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि रथ यात्रा के शुभ अवसर पर पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य के श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का स्नेह और आध्यात्मिक मार्गदर्शन सदैव प्रेरणा देता है। श्रीजगन्नाथ संस्कृति के इस महान आध्यात्मिक केंद्र में उपस्थित होकर उनका मन श्रद्धा, शांति और आनंद से अभिभूत हो गया।

इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी श्री गोवर्धन मठ पहुंचकर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज का आशीर्वाद लिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि पूज्य शंकराचार्य की दिव्य उपस्थिति और उनके अमृतमयी आशीर्वाद का लाभ मिलना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, मानवीय मूल्यों की स्थापना और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में शंकराचार्य का जीवन-दर्शन और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि जगद्गुरु के आशीर्वाद से उन्हें राज्य की जनता की सेवा के लिए नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प प्राप्त हुआ है।

वहीं, पुरी से भाजपा सांसद संबित पात्रा ने भी जगद्गुरु शंकराचार्य से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कैबिनेट मंत्री विभूति भूषण जेना, विधायक आश्रित पटनायक, ओम प्रकाश मिश्रा सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

रथ यात्रा के दौरान श्री गोवर्धन मठ में देश के प्रमुख नेताओं की यह आध्यात्मिक मुलाकात सनातन परंपरा, श्रीजगन्नाथ संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रति उनकी आस्था का प्रतीक मानी जा रही है।

  • रथ यात्रा परलोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला,Lok Sabha Speaker Om Birla अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं, देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और महाप्रभु से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भगवान श्रीजगन्नाथ को समर्पित श्लोक साझा करते हुए देशवासियों को रथ यात्रा महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा भारतीय संस्कृति की शाश्वत चेतना का दिव्य उत्सव है, जहां आस्था, अध्यात्म और लोकमंगल का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।

उन्होंने कहा कि यह केवल श्रद्धा और भक्ति का महापर्व नहीं, बल्कि सनातन सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत प्रतीक भी है, जिसने सदियों से समाज में विश्वास, समरसता, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संचार किया है। ओम बिरला ने कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की यह यात्रा समाज और राष्ट्र के व्यापक कल्याण का संदेश देती है तथा हमें धर्म, कर्तव्य, विनम्रता और समर्पण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने राष्ट्र की समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और प्रत्येक नागरिक के सुख-शांति की कामना भी की।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने भी रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक पर्व है, जो सेवा, समर्पण और एकता का संदेश देता है। उन्होंने महाप्रभु से देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा सभी पर बनी रहे। उन्होंने कामना की कि हर घर धन-धान्य से परिपूर्ण हो, सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आनंद आए तथा प्रत्येक श्रद्धालु की मनोकामना पूर्ण हो।

वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी देशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिव्य पर्व सनातन आस्था, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोककल्याण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।

रथ यात्रा के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं के इन संदेशों ने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सामाजिक समरसता, सेवा, आध्यात्मिकता और राष्ट्र के कल्याण का संदेश दिया।

 

इनपुट–आईएएनएस

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.