बीजिंग। चीन की राजधानी बीजिंग में बुधवार को आयोजित विक्ट्री डे परेड में सैकड़ों आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया गया। यह परेड चीन की बढ़ती सैन्य शक्ति का प्रतीक मानी जा रही है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा ने नई अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल DF-61 Missile ने बटोरी।
गुप्त हैं DF-61 के फीचर
रिपोर्ट्स के मुताबिक DF-61 एक ट्रांसपोर्टर-इरेक्टर-लॉन्चर (TEL) पर आधारित ICBM है। हालांकि, इसकी रेंज और तकनीकी क्षमताओं को गुप्त रखा गया है। यह स्पष्ट नहीं है कि यह मिसाइल फिलहाल सेवा में है या सिर्फ परीक्षण के चरण में।
DF-41 का उत्तराधिकारी
माना जा रहा है कि DF-61 मिसाइल, चीन की मौजूदा DF-41 ICBM से भी उन्नत है। DF-41 को पहली बार 2019 की परेड में दिखाया गया था, जिसकी रेंज 12,000 से 15,000 किलोमीटर तक मानी जाती है और यह एक साथ 10 परमाणु वारहेड ले जा सकती है।
और भी घातक मिसाइलें तैयार
पश्चिमी मीडिया की मानें तो चीन ने DF-41 से भी शक्तिशाली DF-45 और DF-51 मिसाइलें पहले ही विकसित कर ली हैं, जो एक साथ 14 वॉरहेड ले जाने में सक्षम बताई जाती हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि DF-61 भी एक मल्टी-वॉरहेड मिसाइल होगी, जो एक साथ कई लक्ष्यों को भेद सकती है।
विक्ट्री परेड में दिखे अन्य हथियार
इस परेड में चीन ने JL-3 सबमरीन-लॉन्च बैलिस्टिक मिसाइल, DF-31BJ, JL-1 और YJ-21 हाइपरसोनिक एंटी-शिप मिसाइल भी प्रदर्शित कीं।
विशेषज्ञों का कहना है कि DF-61 की पूरी क्षमताओं का खुलासा होना बाकी है, लेकिन इसके प्रदर्शन से साफ है कि चीन अपने परमाणु निवारक शस्त्रागार को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी कर रहा है।
