लखीसराय में में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा का रोड शो, समर्थकों ने JCB से बरसाए फूल

  • रिपोर्ट:सरफराज आलम 

लखीसराय। राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में लगातार दूसरी बार शपथ लेने के बाद विजय कुमार सिन्हा पहली बार तीन दिवसीय दौरे पर अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय पहुंचे। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का ऐसा माहौल देखने को मिला, मानो पूरा जिला जश्न में डूब गया हो। जैसे ही उनका काफिला बड़हिया पहुंचा, बीजेपी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे कतारबद्ध होकर ‘विजय सिन्हा जिंदाबाद’ के नारों से माहौल को राजनीतिक रंग से भर दिया।

डिप्टी सीएम के आगमन के बाद बड़हिया से जिला मुख्यालय लखीसराय तक एक भव्य और विशाल रोड शो का आयोजन किया गया। पूरे मार्ग पर दोनों ओर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भीड़ उमड़ पड़ी। युवक, महिलाएं और बुजुर्ग सभी उत्साह के साथ डिप्टी सीएम का अभिवादन करते दिखे। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए, जहां फूल-मालाओं की बारिश और जयकारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया।

रोड शो के दौरान सबसे आकर्षक दृश्य वह रहा, जब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जेसीबी मशीन की बाल्टी में फूल भरकर डिप्टी सीएम पर फूल-वर्षा की। इस अनोखे स्वागत ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। पूरे शहर में डोल-नगाड़ों की गूंज और स्वागत नारों की प्रतिध्वनि माहौल को उत्सवी बना रही थी।

लखीसराय में डिप्टी सीएम का यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लगातार दूसरी बार उच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने के बाद अपने क्षेत्र में विजय कुमार सिन्हा का यह पहला आगमन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह भरने वाला साबित हुआ। स्थानीय लोगों ने भी इसे सम्मान और गर्व का क्षण बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जिले के विकास कार्यों में और तेजी आएगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.