डीईओ ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ किया ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण
सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी रिकॉर्डिंग व सीलें खोलीं प्रतिनिधियों की मौजूदगी में
बदायूं, 27 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) अवनीश राय ने गुरुवार को जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट (वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीईओ ने वेयरहाउस के दरवाजों की सीलें राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विधिवत वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवा कर खुलवाईं। इसके साथ ही उन्होंने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की और उनकी रिकॉर्डिंग को रैंडम तरीके से चेक किया।
डीईओ अवनीश राय ने आश्वासन दिया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनें पूरी तरह सुरक्षित हैं और वेयरहाउस में 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहता है। निरीक्षण के बाद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए।
इस अवसर पर एडीएम (एफ/आर) डॉ. वैभव शर्मा, बंदोबस्त अधिकारी विनोद कुमार सिंह, भाजपा प्रतिनिधि आशीष शाक्य, सपा से अशोक यादव, बसपा से मनोज कश्यप, कांग्रेस से अरविंद राठौर, आम आदमी पार्टी से राकेश सोलंकी समेत अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
