दिल्ली बम ब्लास्ट LIVE UPDATES: लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में धमाका, 9 की मौत, कई घायल, राजधानी में हाई अलर्ट घोषित

नई दिल्ली, 11 नवंबर 2025:दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और मौके पर भगदड़ मच गई।

9 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल
अब तक की जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 20 लोग घायल हैं। मरने वालों में तीन की पहचान हो चुकी है, जबकि पांच की पहचान अभी बाकी है। एक व्यक्ति के शरीर का कुछ हिस्सा ही बरामद हुआ है। घायलों को नजदीकी LNJP और AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली में हाई अलर्ट, कई राज्यों में बढ़ाई गई सुरक्षा
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी को हाई अलर्ट पर रखा है। लाल किले के आसपास के इलाकों को पूरी तरह से घेर लिया गया है। चांदनी चौक मार्केट और आसपास के सभी बाजारों को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
सुरक्षा को देखते हुए यूपी, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र और पंजाब में भी अलर्ट जारी किया गया है। संसद भवन, ऐतिहासिक स्थलों और सरकारी दफ्तरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

NIA की टीम मौके पर, जांच जारी
धमाके की जांच के लिए NIA की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि ब्लास्ट के कारणों और संदिग्धों का पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत इकट्ठा करना शुरू कर दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह ने ली जानकारी
धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और घटना की पूरी जानकारी ली। गृह मंत्रालय ने 3 बजे आपात बैठक बुलाई है, जिसमें जांच एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल होंगे।

चश्मदीदों ने बताई भयावह तस्वीर
चश्मदीद राजधर पांडेय ने बताया, “मैंने अपने घर की खिड़की से आग की लपटें देखीं। बहुत तेज धमाका हुआ था। आग इतनी भयानक थी कि कई गाड़ियां पलभर में जल गईं।”
वहीं लाल किले के पास एक दुकानदार ने कहा, “इतना जोरदार धमाका मैंने कभी नहीं सुना था। मुझे लगा हम सब मरने वाले हैं।”

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
लखनऊ से भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है। गृहमंत्री अमित शाह ने तुरंत सभी विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। घायल लोगों को बेहतर इलाज मिल रहा है। आतंकवाद के खिलाफ भारत सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.