हज-2027 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ी, इच्छुक आवेदक शीघ्र करें आवेदन

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खां

रामपुर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत ने बताया कि हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 24 जुलाई 2026 कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हज-2027 पर जाने के इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट https://www.hajcommittee.gov.in पर निर्धारित अवधि के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूर्ण कर लें। जिन आवेदकों ने केवल पंजीकरण कराया है, लेकिन किसी कारणवश अपना आवेदन अभी तक पूरा नहीं किया है, वे भी अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें। निर्धारित समय के बाद अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन आवेदकों का भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, वे तत्काल संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क कर अपना पासपोर्ट प्राप्त कर लें, ताकि अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन पूर्ण किया जा सके। उन्होंने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए ऑनलाइन कुर्रा (डिजिटल रैंडम सेलेक्शन) 30 जुलाई 2026 को हज हाउस, मुंबई में आयोजित किया जाएगा। चयनित हज यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी तथा चयन की सूचना एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक ₹1,52,300 की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्धारित खाते में जमा करनी होगी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत ने जनपद के सभी इच्छुक हज यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते अपनी आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि हज-2027 में सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त हो सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.