जौनपुर में जन्माष्टमी पर थाने में डांस, एसओ निलंबित
धार्मिक आयोजन की आड़ में हुआ नाच-गाना, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
जौनपुर। जिले के बदलापुर थाना परिसर में जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में महिला डांसरों को बुलाकर फिल्मी गीतों पर डांस कराया गया। “मुझे नौलखा मंगा दे रे ओ सैंया दीवाने” जैसे गानों पर डांस के वीडियो जब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए तो पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी जौनपुर ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजन की आड़ में थाने परिसर में नाच-गाने का कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा। वीडियो में कई पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग डांस का आनंद लेते दिखाई दिए।
पुलिस अधिकारियों ने स्वीकार किया कि इस तरह की गतिविधियां थाने की गरिमा और अनुशासन के विपरीत हैं और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस बल की छवि धूमिल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
