कासगंज में एलपीजी गैस लेने वालों की भीड़, एजेंसी ने किल्लत की खबरों को बताया अफवाह

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज

कासगंज। जनपद के सोरों ब्लॉक के मानपुर नगरिया स्थित मानपुर नगरिया इंडेन गैस वितरक पर इन दिनों एलपीजी गैस लेने वालों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। सुबह से ही गैस लेने वाले उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लग रही हैं। लोग भविष्य में गैस की किल्लत की आशंका के चलते जल्दबाजी में बुकिंग कर सिलेंडर ले रहे हैं, ताकि उनके घर की रसोई व्यवस्था प्रभावित न हो।

हालांकि एजेंसी प्रबंधन और सरकार ने सोशल मीडिया पर चल रही एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों को पूरी तरह अफवाह और निराधार बताया है। सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराकर बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है।

बताया जा रहा है कि यह भ्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव तथा तेल आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के कारण फैल रहा है। लेकिन पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही जमाखोरी या कालाबाजारी की स्थिति सामने आने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

गैस एजेंसी के मैनेजर कमल कुमार ने बताया कि एजेंसी पर गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और उपभोक्ताओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी के बहकावे में न आएं और निर्धारित नियमों के अनुसार प्रत्येक घरेलू उपभोक्ता को 45 दिन में एक बार गैस सिलेंडर की बुकिंग कर वितरण किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.