सड़क दुर्घटना में आरक्षी टीपू सुल्तान की दर्दनाक मृत्यु, बदायूँ पुलिस परिवार ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बदायूँ, 5 अगस्त। थाना इस्लामनगर क्षेत्रान्तर्गत तैनात आरक्षी टीपू सुल्तान का एक दुर्घटनाग्रस्त सड़क हादसे में दुखद निधन हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब आरक्षी टीपू सुल्तान अपनी ड्यूटी समाप्त कर निजी मोटरसाइकिल से अपने निवास स्थान लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम कुन्दावली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी रूदायन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्व. टीपू सुल्तान वर्ष 2016 में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में रिजर्व पुलिस लाइन, बदायूँ में तैनात थे। वह अपने परिवार के साथ कस्बा इस्लामनगर में रह रहे थे।

दिवंगत आरक्षी को बदायूँ पुलिस परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बिल्सी संजीव कुमार, प्रशिक्षणाधीन क्षेत्राधिकारी गौरव उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी तथा परिजन पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित रहे।

सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी एवं मौन धारण कर सलामी देते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
बदायूँ पुलिस ने दिवंगत आरक्षी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि टीपू सुल्तान का निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.