37 विधायकों वाली कांग्रेस के मुकाबले इनेलो के केवल 2 विधायक बीजेपी सरकार को मजबूती से घेरते हैं

ऐलनाबाद, 21 अप्रैल (एम पी भार्गव) इनेलो की छात्र इकाई आइएसओ की एक महत्वपूर्ण बैठक आइएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला की अध्यक्षता में चंडीगढ़ मुख्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में आइएसओ के प्रदेशाध्यक्ष साहिलदीप कसवां और चंडीगढ़ के अध्यक्ष आर्यन बेनीवाल, पुनीत, राहुल, गुरजीत नैन और मनोज गुज्जर भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद अर्जुन चौटाला ने बताया कि इनेलो की छात्र इकाई आइएसओ को हरियाणा और चंडीगढ़ की शिक्षण संस्थानों में मजबूत करने पर पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई। इस बैठक में कई निर्णय भी लिए गए जैसे अगले 6 महीने के दौरान छात्र संगठन के सदस्यों की संख्या बढ़ाई जाएगी, आइएसओ छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ब्लड डोनेशन कैंप, नशा मुक्ति अभियान और सफाई अभियान चलाएंगे । आइएसओ अभी नया संगठन है और बावजूद इसके पिछली बार के छात्र संघ चुनावों में पंजाब यूनिवर्सिटी में आइएसओ का वोट प्रतिशत दूसरे नंबर पर रहा था। हमारा छात्र संगठन अबकी बार चंडीगढ़ में सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव लड़ेगा और जीतेगा।
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया के बीजेपी तारीफ करने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि गोकुल सेतिया का बयान कांग्रेस में कमियों की तरफ इशारा करता है। जिस संगठन में विधायकों और कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती हो, वह आगे कैसे बढ़ सकता है। कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभाने में पूरी तरह से फेल हुई है जो विधानसभा में भी साफ तौर पर दिखती है। कांग्रेस के मुख्य विपक्षी पार्टी होने के बावजूद इंडियन नेशनल लोकदल विधानसभा में मुख्य विपक्ष की भूमिका निभा रहा है। सदन में प्रदेश के किसी भी जनहित के मुद्दे पर 37 विधायकों वाली कांग्रेस के मुकाबले इनेलो के 2 विधायक बीजेपी सरकार को मजबूती से घेरने का काम करते हैं। सही बात यह है कि कांग्रेस का संगठन अब टूट चुका है। कुछ लोगों ने कांग्रेस पार्टी पर कब्जा किया हुआ हैं यह वे लोग हैं जिनका राजनीतिक कार्यकाल खत्म हो चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.