आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह की मौत मामले पर बोले सीएम नायब सिंह सैनी — “दोषी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा”

हरियाणा (एम. पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह की मौत को बेहद दुखद बताते हुए कहा है कि इस मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

शनिवार को पंचकूला में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बैठक की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, “जापान में रहते हुए जैसे ही मुझे आईपीएस अधिकारी वाई पूरन सिंह के निधन की सूचना मिली, मैंने तुरंत उनकी पत्नी से बात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही अधिकारियों को उनके परिवार के पास भेजा गया।”

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार इस मामले की पूरी जांच कराएगी। “अगर किसी व्यक्ति ने उन्हें परेशान किया है या किसी ने अनुचित व्यवहार किया है, तो हम उसे किसी भी कीमत पर बख्शेंगे नहीं। न्याय हर हाल में मिलेगा।”

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर परिवार के साथ अन्याय हुआ है तो न्याय दिलाने का काम हमारी सरकार करेगी। विपक्ष को इस पर राजनीति करने के बजाय संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।”

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के इन बयानों से साफ है कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और सत्य सामने लाने के लिए हर संभव कदम उठाने की तैयारी में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.