सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने 315 बोर की अवैध राइफल सहित युवक को किया गिरफ्तार
जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे विशेष पखवाड़े में बड़ी सफलता
- रिपोर्ट: एमपी भार्गव
ऐलनाबाद: पुलिस अधीक्षक सिरसा के निर्देशानुसार 15 मई से 31 मई 2025 तक जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष पखवाड़े के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 315 बोर की अवैध राइफल के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर नहर पुल के पास हुई कार्रवाई
सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान बाईपास नहर पुल, निकटवर्ती सब्जी मंडी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक उधम सिंह चौक की ओर से काले रंग का बैग लिए पैदल आता दिखा। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा।
तलाशी में निकली 315 बोर की अवैध राइफल
संदेह के आधार पर युवक को रोककर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से दो हिस्सों में खुली हुई 315 बोर की अवैध राइफल बरामद की गई। युवक की पहचान दलजीत सिंह पुत्र तेगा सिंह निवासी प्रताप नगर, हाल निवासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद के रूप में हुई है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार युवक के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि पूछताछ कर अवैध असलाधारकों के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा सके।
अवैध हथियारों के खिलाफ जारी है कड़ी कार्रवाई
सीआईए प्रभारी ने बताया कि जिला स्तर पर अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कड़ी निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से असलाह तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा।
