9 जुलाई को आयोजित होगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह

लाभार्थी आधार में फिंगर प्रिंट एवं फेस अपडेट अवश्य करा लें, बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही मिलेगी योजना की धनराशि

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर जिला समाज कल्याण अधिकारी सूरज कुमारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद में 9 जुलाई, 2026 को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग तथा सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर पात्र परिवारों की पुत्रियों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इसके लिए प्राप्त आवेदन पत्रों का सत्यापन ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित खंड विकास अधिकारियों तथा नगर क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों द्वारा कराया जा रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 तक नगर क्षेत्र से सत्यापन उपरांत 556 पात्र आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों से सत्यापित आवेदन प्राप्त होने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि शासन द्वारा इस बार सभी लाभार्थी वर एवं वधू के बायोमैट्रिक (फिंगर प्रिंट) अथवा फेशियल (चेहरा) ऑथेन्टीकेशन की व्यवस्था लागू की गई है। इसलिए सभी लाभार्थी यह सुनिश्चित कर लें कि उनके आधार कार्ड में फिंगर प्रिंट एवं चेहरे का विवरण अद्यतन (अपडेट) हो। यदि आधार में यह विवरण अपडेट नहीं है, तो तत्काल निकटतम आधार सेवा केंद्र पर जाकर आवश्यक अपडेट करा लें, ताकि विवाह समारोह के दौरान सत्यापन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि विवाह समारोह के दौरान प्रत्येक लाभार्थी वर-वधू की उपस्थिति बायोमैट्रिक अथवा फेशियल ऑथेन्टीकेशन के माध्यम से दर्ज की जाएगी। उपस्थिति (अटेंडेंस) दर्ज कराए बिना किसी भी लाभार्थी को कार्यक्रम स्थल से जाने की अनुमति नहीं होगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई लाभार्थी वर अथवा वधू बायोमैट्रिक/फेशियल ऑथेन्टीकेशन एवं उपस्थिति दर्ज कराए बिना कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करता है, तो मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत देय आर्थिक सहायता की धनराशि उसके बैंक खाते में हस्तांतरित नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित लाभार्थी स्वयं उत्तरदायी होगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय रहते अपने आधार कार्ड में आवश्यक बायोमैट्रिक एवं फेस अपडेट करा लें तथा निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ समय से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर शासन की इस महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना का लाभ प्राप्त करें।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.