मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीर बाल दिवस के उपलक्ष में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत की

ऐलनाबाद/सिरसा, 26 दिसंबर (डॉ. एम. पी. भार्गव)।हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीर बाल दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन साहिबज़ादों द्वारा समाज और राष्ट्र की रक्षा के लिए दिए गए अद्वितीय बलिदान की याद दिलाता है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया, ताकि साहिबज़ादों के त्याग और शौर्य की गाथा देश की नई पीढ़ी तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि सिरसा की ऐतिहासिक भूमि पर वीर बाल दिवस के अवसर पर आना उनके लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के पूरे परिवार ने धर्म, समाज और मानवता की रक्षा के लिए महान बलिदान दिया, जो भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का अमूल्य हिस्सा है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी वीर बाल दिवस के अवसर पर पंचकूला में साहिबज़ादों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वीर बाल दिवस के उपलक्ष में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर से 6 लाख से अधिक बच्चों ने भाग लिया, जो इस आयोजन की व्यापकता और प्रभाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुँचाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस गहन श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है। प्रदेश में 1 नवंबर से 24 नवंबर तक श्री गुरु तेग बहादुर जी की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम से डाक टिकट, सिक्के और कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1984 के दंगों में पीड़ित 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करने का कार्य सरकार द्वारा किया गया है। कार्यक्रम के दौरान वीर बाल दिवस के उपलक्ष में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और आमजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.