मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रजापति समाज को वितरित किए पात्रता प्रमाण पत्र, कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का किया आह्वान

हरियाणा, 13 अगस्त (एम.पी. भार्गव)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज पूरे प्रदेश में प्रजापति समाज के परिवारों को पात्रता प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज ने जो सम्मान की पगड़ी उनके सिर पर रखी है, उसके लिए वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रदेश के लगभग 1700 गांवों में पात्रता प्रमाण पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने केवल वादे नहीं किए, बल्कि समाधान पर काम किया है। दक्ष प्रजापति महाराज की जयंती पर किए गए वादे को अधिकारियों ने तीव्र गति से पूरा किया और एक महीने के भीतर पात्रता प्रमाण पत्र लोगों तक पहुंचा दिए।

उन्होंने कहा कि पात्रता प्रमाण पत्र प्रजापति समाज के सम्मान की गारंटी है, जो हरियाणा सरकार ने दी है। मिट्टी से बर्तन और मूर्तियां बनाने की कला हमारी अमूल्य धरोहर है, जो मात्र एक कला ही नहीं, बल्कि प्रजापति समाज की कलात्मक सोच, कौशल और कुशलता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ओबीसी समाज के उत्थान के लिए सरकार ने विशेष योजनाएं चलाई हैं। मिट्टी कला बोर्ड का गठन कर कलात्मक वस्तुएं बनाने वालों को प्रोत्साहन दिया गया है। हरियाणा में क्रीमी लेयर की व्यवस्था को केंद्र की तर्ज पर लागू किया गया है। पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि गरीब बेटियों के विवाह पर दी जाने वाली शगुन राशि 41 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दी गई है। अंत में उन्होंने प्रजापति समाज से अपनी पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि यह धरोहर आने वाली पीढ़ियों तक सहेजी जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.