आकांक्षात्मक विकासखण्ड सकीट में मुख्यमंत्री फेलो का औचक निरीक्षण, कई योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने आई

एटा:- जनपद एटा के आकांक्षात्मक विकासखण्ड सकीट में आकांक्षात्मक विकासखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री फेलो डॉ. दिनेश कुमार द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक भ्रमण कर राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्रमशः ग्राम पंचायत दत्तपुर-कुंजपुर के गाँव कुंजपुर, ग्राम पंचायत खड़गपुर तथा ग्राम पंचायत करीमपुर का दौरा किया गया।

ग्राम पंचायत कुंजपुर में निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। लाभार्थियों को पुष्टाहार से संबंधित सरकारी योजनाओं की गलत जानकारी दी जा रही थी तथा नियमित पुष्टाहार वितरण भी नहीं हो रहा था। स्वास्थ्य सेवाओं के निरीक्षण में कुंजपुर में सुपरवाइजर द्वारा विजिट नहीं किया जाना पाया गया। ANC जांच के दौरान पेट की जांच हेतु तख्त उपलब्ध था, किन्तु उस पर चादर/दरी तथा गोपनीयता के लिए पर्दे की व्यवस्था नहीं पाई गई। शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय कुंजपुर ताला बंद मिला, जहाँ कोई छात्र उपस्थित नहीं था और केवल शिक्षामित्र मौजूद थे। इसके अतिरिक्त पंचायत घर भी बंद पाया गया।

इसके बाद ग्राम पंचायत खड़गपुर में आंगनवाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ता के लंबे समय से नियमित रूप से उपस्थित न होने की शिकायत मिली। गांव के बच्चों और महिलाओं का लंबाई-वजन मापन नहीं किया गया था, जबकि पोषण ट्रैकर पर फर्जी प्रविष्टियाँ दर्ज पाई गईं। साथ ही टेक होम राशन (THR) वितरण की स्थिति शून्य पाई गई।

इसके पश्चात ग्राम पंचायत करीमपुर का निरीक्षण किया गया, जहाँ प्राथमिक विद्यालय ताला बंद पाया गया। यहाँ भी ANC जांच के दौरान तख्त तो उपलब्ध था, किन्तु आवश्यक गोपनीयता एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का अभाव देखा गया। पंचायत घर भी बंद पाया गया।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर सामुदायिक शौचालय एवं RRC केंद्र क्रियाशील नहीं थे, जबकि जल निगम की पेयजल आपूर्ति भी उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा पशुओं के टीकाकरण की व्यवस्था नहीं पाई गई तथा उद्योग विभाग द्वारा रोजगारपरक योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी नहीं किया जा रहा था। ग्राम स्तर पर जल संरक्षण की गतिविधियाँ नहीं पाई गईं और स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की स्थिति भी शून्य मिली।

भ्रमण के दौरान ग्रामीणों द्वारा जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित कई व्यावहारिक समस्याएँ और शिकायतें भी सामने रखी गईं।

मुख्यमंत्री फेलो डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को संबंधित विभागों के संज्ञान में लाया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुँच सके और ग्राम स्तर पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.