मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अंत्योदय संबल शिविर का किया अवलोकन, जनसभा में गिनाए सरकार के कार्य
तिजारा में की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की आलोचना, जनता को बताया “बंसी वाले” की कृपा से हो रही बरसात
तिजारा (खैरथल), राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तिजारा कस्बे के असलीमपुर गांव में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल शिविर का निरीक्षण किया और इसके पश्चात जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का विवरण जनता के समक्ष रखते हुए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की घोषणाओं पर भी कटाक्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “घोषणा करने से काम नहीं चलता, कार्य धरातल पर दिखने चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि “यह सब बंसी वाले की कृपा है, जो इतनी गर्मी के बाद भी यहां बरसात हो रही है, और इस बारिश में भी इतनी बड़ी संख्या में जनता बैठी है, इसके लिए मैं आप सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।”
सभा में उपस्थित तिजारा विधायक महंत बाबा बालक नाथ योगी ने मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव व वन मंत्री संजय शर्मा से मोनी बाबा गौशाला की वन्य भूमि को कन्वर्ट करने का निवेदन किया।
इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव, विधायक बाबा बालक नाथ योगी, पंचायत समिति के प्रधान जेपी यादव, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव, पूर्व विधायक मामन सिंह यादव, जिला प्रमुख बलवीर सिंह छिल्लर, पूर्व सभापति संदीप दायमा सहित अनेक भाजपा नेता और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।
