हिमाचल दौरे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, युवा मतदाताओं को किया जागरूक

खज्जियार के मतदान केंद्र का किया निरीक्षण, चुनाव कर्मियों से की बातचीत

  • रिपोर्ट: सुरजीत सिंह

चंबा। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान चंबा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खज्जियार स्थित एक मतदान केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां तैनात चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों और मतदाता सेवाओं की जानकारी ली।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ने युवा मतदाताओं से भी संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं से अपने मताधिकार का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की।

बीएलओ की भूमिका की सराहना
अपने दौरे के दौरान ज्ञानेश कुमार धर्मशाला भी पहुंचे, जहां उन्होंने चुनाव अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक की। उन्होंने मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए रखने में बीएलओ की अहम भूमिका की सराहना की और निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूत बनाने में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दौरा
मुख्य चुनाव आयुक्त का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले संभावित विधानसभा चुनावों की प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राज्य की सभी 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव कराए जाने हैं, जिसके मद्देनजर निर्वाचन आयोग विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है।

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भी किया भ्रमण
शनिवार को ज्ञानेश कुमार ने अपने परिवार के साथ कांगड़ा घाटी के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भी दौरा किया। उन्होंने कांगड़ा किला, बज्रेश्वरी देवी मंदिर और धर्मशाला स्थित चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

चार राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जारी
इस बीच भारत निर्वाचन आयोग ने जानकारी दी कि ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण के तहत गणना प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोग के अनुसार, पात्र मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म 28 जून 2026 तक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त होने पर उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

आयोग ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। मतदाता भरे हुए फॉर्म बीएलओ को सौंप सकते हैं या ऑनलाइन माध्यम से भी जमा कर सकते हैं। नए मतदाताओं के पंजीकरण को आसान बनाने के लिए बीएलओ अपने साथ फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा-पत्र भी लेकर चल रहे हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.