रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चकबन्दी आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा जनपद के विभिन्न ग्रामों में चकबन्दी कराए जाने का निर्णय लिया गया था। इसके अंतर्गत वर्तमान में जनपद के कुल 27 ग्रामों में चकबन्दी प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के कुशल नेतृत्व में तहसील टाण्डा, परगना टाण्डा के ग्राम दर्शनपुर में मात्र 24 माह में तथा तहसील व परगना बिलासपुर के ग्राम सरवरनगर में 25 माह में चकबन्दी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। उल्लेखनीय है कि चकबन्दी नियमों के अनुसार किसी भी ग्राम में चकबन्दी प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए 60 माह की अवधि निर्धारित होती है, ऐसे में निर्धारित समय से काफी पहले कार्य पूर्ण होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस सराहनीय कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा खेमकरन लाल एवं शंकर लाल (सहायक चकबन्दी अधिकारी), विनोद शर्मा एवं उर्वादत्त भट्ट (चकबन्दीकर्ता) तथा राहुल पाठक, राजेश कुमार दिवाकर (चकबन्दी लेखपाल) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी संजय कुमार ने बताया कि चकबन्दी टीम के निरंतर एवं अथक प्रयासों तथा ग्रामीणों के पूर्ण सहयोग से यह उपलब्धि प्राप्त हो सकी है। उन्होंने कृषकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामवासियों का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। साथ ही ग्रामों में कार्यरत चकबन्दी स्टाफ की भूमिका भी प्रशंसनीय रही, जिसके लिए सभी कार्मिकों को विशेष प्रविष्टि प्रदान की गई है।
khabre junction
