बड़ी खबर: मिर्जापुर के सेंट जेवियर्स स्कूल की लापरवाही, छुट्टी के बाद लापता हुआ छात्र प्रयागराज में मिला
- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर। रतनगंज स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। कक्षा 07 में पढ़ने वाला छात्र हर्षित दुबे स्कूल की छुट्टी के बाद अचानक लापता हो गया, जिससे पूरा परिवार चिंता और तनाव में रहा। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र हर्षित दुबे बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने जब स्कूल से संपर्क किया, तो स्पष्ट जानकारी न मिलने पर उनकी चिंता और बढ़ गई। लगातार खोजबीन के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद परिजन बेहद परेशान हो गए।
रात में बड़ा राहत भरा समाचार तब मिला जब प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी ने बच्चे को बरामद कर परिजनों से संपर्क किया। जीआरपी ने फोन के माध्यम से परिवार को सूचना दी कि हर्षित सुरक्षित है और उन्हें तुरंत स्टेशन बुलाया गया। सूचना मिलते ही परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
घटना के बाद भी स्कूल प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में लगातार लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं करता।
कक्षा 07 का छात्र हर्षित दुबे रतनगंज स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में पढ़ता है। इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
