ब्राह्मण समाज ने अनुराग कश्यप के बयान की कड़ी निंदा की

रामपुर। परशुराम सर्व ब्राह्मण सभा की बैठक में फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के द्वारा ब्राह्मणों के लिए इस्तेमाल की गई अमर्यादित भाषा की कड़ी निंदा की गई। बैठक में उपस्थित सभी ब्राह्मणों ने इस बयान के खिलाफ कठोर शब्दों में आक्रोश व्यक्त किया।
पंडित राजीव शर्मा ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा जानबूझकर ब्राह्मणों को लेकर इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं, जो किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं हैं। ब्राह्मण समाज ने हमेशा से समाज और देश को सक्षम और सुदृढ़ बनाने में योगदान दिया है, लेकिन कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे बयान देते रहते हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया कि वे ऐसे व्यक्तियों पर स्वयं संज्ञान लेते हुए कठोर कार्रवाई करने का आदेश पारित करें। इसके अलावा, बैठक में 29 अप्रैल को भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर माया देवी धर्मशाला में यज्ञ और बाइक रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पंडित संजय शर्मा, पंडित सौरभ पाठक, पंडित संदीप कौशिक, पंडित राम बाबू शर्मा और अन्य विप्र बंधु उपस्थित रहे। उन्होंने एकजुट होकर ब्राह्मण समाज के सम्मान और गरिमा की रक्षा करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.