मल्टीस्टारर फिल्म ‘बॉर्डर-2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है और रिलीज़ के बाद से ही दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म में वरुण धवन और अहान शेट्टी की एक्टिंग को दर्शक खूब सराह रहे हैं।
वरुण और अहान की एक्टिंग ने जीता दिल
दर्शकों का कहना है कि फिल्म में वरुण धवन की एक्टिंग लाजवाब है, जबकि अहान शेट्टी ने अपने पिता सुनील शेट्टी की याद दिला दी। कई लोग बता रहे हैं कि अहान शेट्टी के अंदर वही जोश और आत्मविश्वास है जो उनके पिता में था, और पर्दे पर उनका किरदार बिल्कुल जीवंत लग रहा है।
‘बॉर्डर’ से तुलना करना गलत
दर्शकों का मानना है कि ‘बॉर्डर-2’ अपनी जगह एक अलग फिल्म है। जैसे दुनिया में सिर्फ एक ताजमहल है, वैसे ही बॉर्डर भी एक है। दर्शक बताते हैं कि दोनों फिल्मों की तुलना करना गलत है क्योंकि ‘बॉर्डर’ 20 साल पुरानी फिल्म है, जबकि ‘बॉर्डर-2’ को आज के समय और तकनीक के हिसाब से बनाया गया है।
कहानी, निर्देशन और स्क्रीनप्ले सब कुछ लाजवाब
फिल्म में कहानी, निर्देशन, फाइट सीन, गाने और स्क्रीनप्ले को दर्शक बेहद पसंद कर रहे हैं। युवा दर्शक बता रहे हैं कि फिल्म का सेकेंड हाफ थोड़ा स्लो था, लेकिन अंत शानदार था। मल्टीस्टारर होने के बावजूद सभी किरदार फिल्म में जरूरी और प्रभावशाली बने हुए हैं।
सनी देओल की दमदार उपस्थिति
देशभक्ति और युद्ध के दृश्यों में सनी देओल की आवाज और अभिनय फिल्म की आत्मा बन गया है। दर्शकों का कहना है कि फतेह सिंह कलेर का किरदार किसी और से बेहतर कोई नहीं निभा सकता था।
पुरानी यादें और देशभक्ति
फिल्म देखने पहुंचे दर्शक बताते हैं कि फिल्म में देशभक्ति का एहसास खून गरम कर देता है और पुरानी युद्ध की यादें ताजा हो जाती हैं। हालांकि दर्शकों ने अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी को स्क्रीन पर मिस किया, फिर भी फिल्म ने सभी का मनोरंजन किया।
‘बॉर्डर-2’ ने दर्शकों को इमोशनल और रोमांचक अनुभव देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
khabre junction
