- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
बभनी(सोनभद्र)। डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान (शिक्षा) के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज कराने पर बभनी के खण्ड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पांडेय को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान शिक्षा से जुड़े विभिन्न सूचकों को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ रूप से लागू करने और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना के रूप में दिया गया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार पांडेय ने जिले में शिक्षा की गुणवत्ता उन्नत करने, नामांकन बढ़ाने, डिजिटल प्लेटफार्मों—जैसे दीक्षा ऐप और ई–पाठशाला—को बढ़ावा देने, विद्यालयों में विज्ञान पार्क जैसी सुविधाओं को मजबूत करने, शिक्षकों के प्रशिक्षण तथा अनुसूचित जाति–जनजाति के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनके प्रयासों से सोनभद्र के शिक्षा सूचकांक प्रदेश स्तर पर लगातार उत्कृष्ट श्रेणी में बने रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राकेश कुमार पांडेय ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे ब्लॉक की टीम—शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और एआरपी—के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने समस्त शिक्षकों को बधाई देते हुए आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
