भाजपा नेता पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद डॉक्टर अशोक बाजपेई द्वारा शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र के दौरों ने मचाई राजनीतिक हलचल

हरदोई। उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की वर्तमान विधायक हैं, लेकिन इन दिनों उसी क्षेत्र में पूर्व मंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक बाजपेई के लगातार दौरों ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है।

डॉ. अशोक बाजपेई का शाहाबाद प्रेम इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना हुआ है। बताते चलें कि डॉ. बाजपेई पूर्व में पिहानी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।

उन्होंने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें विधान परिषद की सीट दी थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपनी सीट खाली करने के “पुरस्कारस्वरूप” उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया गया था। डॉ. बाजपेई ने राज्यसभा में अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा किया है और पार्टी संगठन में भी उनकी सक्रियता बनी हुई है।

सूत्रों की मानें तो डॉ. अशोक बाजपेई बीते कुछ समय से शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगातार दौरों पर हैं, जिससे क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कई राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि उनके इन दौरों के पीछे आने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां छिपी हो सकती हैं।

कुछ लोगों का कहना है कि डॉ. बाजपेई या तो स्वयं शाहाबाद से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं या किसी परिजन को मैदान में उतार सकते हैं। वहीं उनके निकटवर्ती सहयोगियों का कहना है कि “डॉ. बाजपेई जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता, जो प्रदेश ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं, वह विधानसभा चुनाव क्यों लड़ेंगे?”

फिलहाल, उनके इन दौरों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
डॉ. अशोक बाजपेई का अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन इतना तय है कि शाहाबाद विधानसभा में उनके दौरों ने भाजपा के भीतर नई राजनीतिक सरगर्मी जरूर पैदा कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.