BJP का आरोप: पंजाब सरकार के संसाधनों का निजी इस्तेमाल कर रहे हैं अरविंद केजरीवाल, AAP ने कहा — “ये सब फेक क्लेम हैं”
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली; के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी का कहना है कि केजरीवाल ने पंजाब सरकार के संसाधनों का निजी उपयोग किया है।
दिल्ली बीजेपी और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर सैटेलाइट तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में करीब दो एकड़ में फैला 7-स्टार सरकारी बंगला अरविंद केजरीवाल के लिए तैयार करवाया गया है। मालीवाल के अनुसार, यह बंगला पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कोटे से केजरीवाल को आवंटित किया गया है।
AAP का पलटवार
AAP ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी झूठ फैला रही है। पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा,
“प्रधानमंत्री की फेक यमुना कहानी के बाद बीजेपी बौखला गई है, अब वो फेक 7-स्टार बंगले की कहानी बना रही है।”
AAP ने स्पष्ट किया कि जिस बंगले की तस्वीरें वायरल की जा रही हैं, वह वास्तव में पंजाब मुख्यमंत्री का कैंप ऑफिस है, न कि केजरीवाल का निजी निवास। पार्टी ने यह भी सवाल उठाया कि अगर बंगला आवंटित किया गया है, तो उसका अलॉटमेंट लेटर कहां है?
स्वाति मालीवाल के गंभीर आरोप
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल, जो हाल ही में AAP से निलंबित हैं, ने भी केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि केजरीवाल न केवल सरकारी बंगले का उपयोग कर रहे हैं बल्कि पंजाब सरकार के एयरक्राफ्ट से निजी और पार्टी कामों के लिए यात्रा भी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली से सरकारी हेलिकॉप्टर से अंबाला और वहां से पंजाब सरकार के प्राइवेट जेट से गुजरात का सफर किया। मालीवाल ने कहा कि “पूरी पंजाब सरकार एक व्यक्ति की सेवा में लगी हुई है।”
“शीश महल” विवाद फिर चर्चा में
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि दिल्ली में “शीश महल” विवाद के बाद अब केजरीवाल ने पंजाब में नया आलीशान ठिकाना बना लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव हारने के बाद AAP नेताओं को पंजाब में पद देकर मुआवजा दिया गया और अब केजरीवाल को VVIP सुरक्षा, 100 कारों का काफिला और 7-स्टार बंगला दिया गया है।
दिल्ली के “शीश महल” विवाद में पहले ही केजरीवाल पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लग चुके हैं, और अब पंजाब वाले आरोपों ने इस राजनीतिक विवाद को एक बार फिर गर्मा दिया है।
