रामपुर। तहसील बिलासपुर में बर्ड फ्लू को लेकर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की, जिसमें संक्रमण रोकथाम के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और सभी उप जिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनपद के सभी नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित चिकन दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। प्रभावित क्षेत्र के 0 से 1 किलोमीटर दायरे को संक्रमित क्षेत्र और 1 से 10 किलोमीटर दायरे को सर्विलांस क्षेत्र घोषित किया गया।
निर्देशों के अनुसार, संक्रमित क्षेत्र से 10 किलोमीटर की परिधि में स्थानीय जीवित कुक्कुट पक्षियों और अंडों की बिक्री 21 दिनों तक पूर्ण रूप से बंद रहेगी, जब तक संवेदीकरण प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हो जाता।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट को शामिल कर रेपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) गठित करने का आदेश दिया गया है, जिसकी गतिविधियों की निगरानी मुख्य चिकित्साधिकारी करेंगे। इसके साथ ही मानव संक्रमण से बचाव हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम और बर्ड फ्लू के लक्षण, संक्रमण के तरीके व बचाव पर जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सीमा क्षेत्रों पर रोकथाम के लिए उत्तराखंड से आने वाले पक्षियों पर विशेष निगरानी रखने और रोकथाम के उपाय सुनिश्चित करने का आदेश भी जारी किया गया।
