भारत द्वारा सिंधु जल संधि रोकने पर बिफरे बिलावल भुट्टो, हरदीप पुरी बोले – ‘कह दो पानी में कूद जाए’
बिलावल भुट्टो की 'खून' वाली धमकी पर भारत का कड़ा जवाब
नई दिल्ली: पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो-ज़रदारी ने भारत की ओर से सिंधु जल संधि को स्थगित करने पर भड़कते हुए धमकी दी कि “या तो हमारा पानी बहेगा या उनका खून।” यह बयान उन्होंने सिंध प्रांत के सक्कर में एक जनसभा के दौरान दिया।
हरदीप पुरी का तीखा पलटवार
इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सख्त लहजे में प्रतिक्रिया दी और कहा, “कह दो उसे कि कहीं पानी में कूद जाए। वैसे जब पानी ही नहीं बचेगा तो कैसे कूदेगा? ऐसी बातों को तवज्जो मत दो, अब इन्हें समझ आ जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “अपनी मानसिक स्थिति का इलाज करवाए। अब बहुत हो चुका है, अब हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब बस कुछ ही दिन और इंतजार करें।”
“यह तो बस शुरुआत है, पाकिस्तान को चुकानी पड़ेगी भारी कीमत”
हरदीप पुरी ने स्पष्ट कहा कि सिंधु जल संधि का निलंबन महज शुरुआत है और पाकिस्तान को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने पाकिस्तान को ‘दुष्ट राष्ट्र’ बताया और कहा कि यह देश अब ‘टर्मिनल डिक्लाइन’ यानी पतन की स्थिति में पहुंच चुका है।
पाकिस्तानी अधिकारी के इशारे पर भी टिप्पणी
लंदन में भारतीय प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तान के कर्नल तैमूर रहत द्वारा गला काटने का इशारा किए जाने पर पुरी ने कहा, “यह राज्य प्रायोजित आतंकवाद है। अब हम उस स्थिति में पहुंच चुके हैं जहां उन्हें इसकी कीमत चुकानी ही पड़ेगी।”
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की कड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। इस हमले में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ था। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों में कटौती करते हुए सिंधु जल संधि को भी रोक दिया।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया
भारत की इस कार्रवाई के जवाब में पाकिस्तान ने व्यापारिक समझौते निलंबित कर दिए, एयरस्पेस बंद कर दी और भारत को पानी रोकने को युद्ध की चेतावनी दे डाली।
