बिग न्यूज बाराबंकी: महिंद्रा-अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर में भीषण आग, पास में पेट्रोल पंप से मची अफरा-तफरी
- रिपोर्ट- कपिल सिंह राजपूत
बाराबंकी। शहर स्थित महिंद्रा-अशोक लीलैंड के सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सर्विस सेंटर के बिल्कुल बगल में एक पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति और भी खतरनाक हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। अब तक मिली जानकारी के अनुसार आग पर लगभग नियंत्रण पा लिया गया है, हालांकि कई गाड़ियों के जलने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस प्रशासन के साथ-साथ दमकल विभाग के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। आसपास के इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और छतों से आग बुझाने के प्रयास को देख रहे हैं। वहीं, स्थानीय लोग भी पानी और बाल्टी लेकर मदद में जुटे हुए हैं।
फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग भड़कने की संभावना जताई जा रही है।
