मिर्जापुर में PWD की बड़ी लापरवाही: सड़क खोदकर छोड़ी अधूरी, सावन मास में श्रद्धालु परेशान

  • रिपोर्ट- मंजय कुमार

मिर्जापुर। विंध्याचल अटल चौक से देवरहा बाबा मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य में पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग) की लापरवाही खुलकर सामने आ रही है। विभाग ने कई दिनों पहले सड़कों को खोदकर छोड़ दिया है, लेकिन अब तक कोई काम आगे नहीं बढ़ा। इससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को बल्कि सावन मास में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा है, जिससे वाहनों को गुजरना मुश्किल हो गया है। गाड़ियाँ कीचड़ में फंस रही हैं और राहगीरों को फिसलकर गिरने का खतरा बना हुआ है। सावन के इस पावन मास में लाखों श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन अधूरी सड़क और पीडब्ल्यूडी की लापरवाही उनके लिए मुसीबत बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने केवल खोदाई की और फिर काम बंद कर दिया। ना तो कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई और ना ही कोई सूचना बोर्ड लगाया गया। श्रद्धालुओं और यात्रियों में विभाग की इस कार्यशैली को लेकर भारी रोष है।

जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और श्रद्धालु सुरक्षित दर्शन कर सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.