सावधान ! पैसा डबल करने वाले गिरोह के झांसे में न आए, आमजन:- पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण
पैसा डबल करने या अन्य कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें :- एसपी
ऐलनाबाद सिरसा 21 अप्रैल ( एम पी भार्गव ) पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने जिला पुलिस की और से आमजन के लिए विशेष एडवाजरी जारी करते हुए कहा है कि पैसा डबल करने वाले गिरोह के झांसे में न आए । उन्होंने कहा है कि हाल ही में जिला की सीआईए सिरसा पुलिस ने पैसा दुगना करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को 50 हजार रुपए की नकली करंसी व पुलिस की वर्दी के साथ काबू किया है । उन्होंने बताया कि पैसा दोगुना करने वाले गिरोह ने नरेश कुमार पुत्र बृज लाल निवासी रामपुरा उर्फ रामसरा तहसील टिब्बी जिला हनुमानगढ़ राजस्थान को अपने जाल में फंसा कर 10 हजार रुपए की करंसी नोट ले लिए और बदले में 20 हजार रुपए की नकली करंसी देकर ठगी का शिकार बना लिया था । पीड़ित व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 15/20 दिनों पहले बस स्टैंड सिरसा क्षेत्र में उसकी एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी इस दौरान उक्त व्यक्ति ने कहा कि लोग पैसे डबल करवाने के लिए हमारी कंपनी ज्वाइन करते है,आपको भी यदि पैसे डबल करने हो तो हमारी कंपनी ज्वाइन कर सकते हो । आपके पास पैसे हो तो हमारे व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क कर सकते हो । पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति उक्त लोगों के झांसे में आ गया और करीब दो तीन दिन पहले सिरसा में आकर पैसे डबल करने वाले गिरोह के संपर्क में आ गया और पैसे दुगना करने के लिए 10 हजार रुपए की रकम दे दी । गिरोह ने तुरंत प्रभाव से पीड़ित व्यक्ति को 10/10 हजार रुपए के दो बंडल दे दिए । पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि कुछ समय बाद पीड़ित व्यक्ति ने डबल राशि को देखा तो उसमें 100/100 रुपए के नोटो की फोटो कॉपी कर बंडल बना रखे थे । पीड़ित व्यक्ति को जब तक ठगी अहसास हुआ तबतक वह पैसे डबल करने वाले गिरोह का शिकार हो चुका था । पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में ठगी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरु की गई थी । जांच के दौरान सिविल लाइन थाना की खैरपुर पुलिस चौकी ने पैसे डबल करने वाले गिरोह के दो व्यक्तियों को काबू कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान ईश्वर सिंह पुत्र सरिया राम निवासी बिघाना जिला जींद व विजय कुमार पुत्र चरण दास निवासी खन्ना कालोनी सिरसा के रुप में हुई है । पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला है ही पैसा दुगना करने वाले गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाकर उन्हें लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है । उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर,ठगी का शिकार बनाते है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपए के नकली नोट व वारदात में प्रयुक्त गाड़ी व पुलिस की वर्दी भी बरामद कर ली है । पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पैसा दोगुना करने वाले गिरोह के पर्दाफाश से हमें यह सीखने को मिलता है कि हमें ऐसे गिरोहों से सावधान रहना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना पैसा दोगुना करने के लिए नहीं देना चाहिए । हमें अपने पैसे की सुरक्षा के लिए हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करना चाहिए,ताकि समय रहते इस प्रकार की ठगी करने वाले लोगों को पकड़ा जा सके । उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के दौरान इस गिरोह में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस प्रशासन की और से आमजन से अपील करते हुए कहा गया है कि सावधानी व सतर्कता ही ठगी का शिकार होने से बचा सकती है ।
