चोरी की रिपोर्ट न लिखने पर चौकी इंचार्ज सस्पेंड, एसएसपी ने दिए विभागीय जांच के आदेश

बरेली। जनसुनवाई के दौरान लापरवाही बरतना एक चौकी प्रभारी को भारी पड़ गया। चोरी की शिकायत को नजरअंदाज करने और रिपोर्ट दर्ज न करने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने सख्त कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

मामला भमौरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां जनसेवा केंद्र संचालक ने तहरीर दी थी कि 7 सितंबर की रात अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी और सामान चोरी कर ले गए। चोरी में लगभग 12 हजार रुपये नगद भी शामिल थे। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, लेकिन चौकी प्रभारी ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय मामले को टालना शुरू कर दिया।

निराश होकर पीड़ित ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां भी उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। जब यह जानकारी एसएसपी अनुराग आर्य तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया।

एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ शब्दों में कहा कि –
“जिले में किसी भी पीड़ित की शिकायत को हल्के में लेने की गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गंभीर अपराधों में एफआईआर न लिखने जैसी लापरवाही पर सीधे निलंबन की कार्रवाई होगी।”

एसएसपी की इस सख्ती के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़ित पक्ष ने कार्रवाई पर संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि अब शिकायतों पर समय रहते न्याय मिलेगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.