Badaun: डीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने वालों को मिलेगा ₹5000 का पुरस्कार
बदायूं, 26 जून 2025। कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जिलाधिकारी श्री अवनीश राय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न दिशा-निर्देश दिए और दुर्घटनाओं में कमी लाने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नेक व्यक्ति (गुड सेमेरिटन) को ₹5000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा भारत सरकार की नई योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को सरकारी व निजी अस्पतालों में एक सप्ताह तक डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ग्रीवेंस रिड्रेसल अधिकारी की नियुक्ति कर रिपोर्ट भारत सरकार को भेजी जाएगी।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया चालकों को सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। ओवर स्पीडिंग, ओवरलोडिंग, मोबाइल के उपयोग और नशे की हालत में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में बताया गया कि मई 2024 की तुलना में मई 2025 में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने जनपद के मुख्य मार्गों के किनारे की झाड़ियों की नियमित छंटाई कराने के निर्देश दिए और स्वास्थ्य विभाग से ऐसे नेक व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा जो घायल व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाते हैं, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) श्री अम्बरीश कुमार ने बताया कि 1 जनवरी से 31 मई 2025 तक कुल 3800 से अधिक चालान विभिन्न नियम उल्लंघनों पर किए गए हैं, जिनमें बिना हेलमेट, ओवर स्पीडिंग, ड्रंकन ड्राइविंग और ओवरलोडिंग प्रमुख हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन समेत परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
