Badaun: 06 एवं 07 सितम्बर को होगी प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा 2025, डीएम ने विशेष तैयारियों के दिए निर्देश

बदायूँ । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2025 का आयोजन जनपद बदायूँ में 06 और 07 सितम्बर को दो पालियों में होगा। पहली पाली प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 03:00 से 05:00 बजे तक निर्धारित की गई है। जिले में लगभग 39,360 अभ्यर्थियों के लिए 24 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी अवनीश राय ने परीक्षा की सुचारू व शांतिपूर्ण सम्पन्नता हेतु सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएँ और विद्युत आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा केन्द्रों पर सामान रखने की सुविधा भी उपलब्ध हो।

डीएम ने रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। रेलवे प्रशासन को उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को निरंतर सूचना उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एम्बुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लाना पूर्णतः निषिद्ध है। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से परीक्षा केन्द्र पर पहुँचे और आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

परीक्षा केन्द्रों में शामिल हैं: बीआरबी मॉडल इंटर कॉलेज, ब्लूमिंगडेल स्कूल, डीपॉल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, फ्लोरेंस नाइटिंगल स्कूल, गिंदो देवी महिला महाविद्यालय, एचपी इंटरनेशनल स्कूल, हाफिज इस्लामियां इंटर कॉलेज, केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, महार्षि विद्या मंदिर, मदर ऐथेना स्कूल, एनएमएसएन दास पीजी कॉलेज (ब्लॉक ए व बी), नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, राजाराम महिला इंटर कॉलेज, राजकीय महाविद्यालय आवास विकास, श्री कृष्णा इंटर कॉलेज (ब्लॉक ए व बी), सिंगलर गर्ल्स इंटर कॉलेज, टिथोनस इंटरनेशनल स्कूल व जीलॉट पब्लिक स्कूल।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.