Axar Patel on Mumbai Pitch: वानखेड़े की बदली हुई पिच देखकर हैरान रह गए अक्षर पटेल, बोले—अच्छा स्कोर समझने में लगे तीन ओवर
मुंबई: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में भारत ने 29 रन से जीत दर्ज की, लेकिन इस जीत के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच चर्चा का बड़ा विषय रही। भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान अक्षर पटेल ने मैच के बाद स्वीकार किया कि जिस तरह पिच ने व्यवहार किया, उसने पूरी टीम को चौंका दिया।
शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए। आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाने वाली वानखेड़े की पिच इस बार कुछ अलग नजर आई। कप्तान सूर्यकुमार यादव को टॉस के समय बल्लेबाजी चुनने में कोई दिक्कत नहीं हुई थी, क्योंकि उन्हें भरोसा था कि इस मैदान पर ओस नहीं पड़ती और रन बनते हैं। हालांकि, मैच शुरू होते ही पिच का मिजाज बदला हुआ दिखा।
वानखेड़े पर रन बनते हैं, लेकिन इस बार मुश्किल हुई
मैच के बाद अक्षर पटेल ने कहा कि अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के पहले मैच में पिच उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। उन्होंने बताया कि आम तौर पर वानखेड़े में खूब रन बनते हैं, लेकिन इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने में परेशानी हुई। शुरुआती ओवरों में विकेट गिरने से दबाव भी बढ़ा, लेकिन टीम को भरोसा था कि लड़ा जा सकने वाला स्कोर खड़ा कर लिया जाएगा।
भारत ने एक समय 77 रन तक छह विकेट गंवा दिए थे, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव की 49 गेंदों में नाबाद 84 रन की शानदार पारी के दम पर टीम 9 विकेट पर 161 रन तक पहुंचने में सफल रही। जवाब में अमेरिकी टीम 132 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रन से जीत लिया।
‘अच्छा स्कोर क्या होगा, समझने में वक्त लगा’
अक्षर पटेल ने कहा,
“मैच की परिस्थिति के हिसाब से प्लानिंग की जाती है। आमतौर पर मुंबई में विकेट सपाट होता है, लेकिन इस बार हमें लगभग तीन ओवर लगे यह समझने में कि इस पिच पर अच्छा स्कोर क्या होगा।”
उन्होंने आगे बताया कि ड्रेसिंग रूम में यह भरोसा था कि अगर एक बल्लेबाज टिककर खेल गया, तो टीम 140–150 रन तक पहुंच सकती है।
“हम हैरान थे, क्योंकि हमें लगा था कि यह वही सपाट विकेट होगा, जैसा आमतौर पर मुंबई में होता है,” अक्षर ने कहा।
दबाव के बीच मिला सीखने का मौका
अक्षर ने माना कि टी20 विश्व कप के पहले ही मैच में बल्लेबाजी क्रम के ढहने से ड्रेसिंग रूम में थोड़ा दबाव जरूर महसूस हुआ। उन्होंने कहा,
“बेशक दबाव होता है, लेकिन क्रिकेट ऐसा ही है। अच्छा है कि यह अनुभव हमें पहले मैच में मिला।”
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि विकेट के मिजाज को जल्दी समझना बेहद जरूरी है।
“अगर ऐसी स्थिति दोबारा आती है, तो हमारे पास अनुभव होगा कि स्कोर को 160–170 रन तक कैसे ले जाना है,” अक्षर पटेल ने कहा।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की, वहीं वानखेड़े की बदली हुई पिच आने वाले मैचों के लिए चर्चा का विषय बन गई है।
khabre junction
