रामपुर। वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित बैंकिंग के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) एवं क्रिसिल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जा रहे “वित्तीय साक्षरता सप्ताह” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र एवं अग्रणी जिला प्रबंधक शिवांग जोशी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र ने कहा कि आज के समय में वित्तीय साक्षरता अत्यंत आवश्यक हो गई है। उन्होंने बताया कि केवाईसी (KYC) सुरक्षित बैंकिंग की दिशा में पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल बैंकिंग सेवाओं का लाभ सुगमता से मिलता है बल्कि वित्तीय धोखाधड़ी से भी बचाव संभव है।
अग्रणी जिला प्रबंधक शिवांग जोशी ने जानकारी दी कि आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नाबार्ड के सहयोग से क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा जनपद के सभी विकासखंडों की चयनित ग्राम पंचायतों में वित्तीय साक्षरता केंद्रों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के तहत ग्रामीणों को केवाईसी प्रक्रिया, बैंकिंग सेवाओं, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल लेन-देन की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
सहायक लीड बैंक जिला प्रबंधक विजय शंकर ने बताया कि यह जागरूकता रथ पूरे सप्ताह जनपद के विभिन्न गांवों में भ्रमण करेगा और आमजन को केवाईसी, री-केवाईसी, सीकेवाईसी की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो आदि के साथ-साथ बैंक से संबंधित विभिन्न सेवाओं एवं उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र सैदनगर के सेंटर मैनेजर अनस अकील, वित्तीय साक्षरता केंद्र मिलक की सेंटर मैनेजर रानी, ब्लॉक चमरौआ की फील्ड कोऑर्डिनेटर नीतू, ब्लॉक मिलक के फील्ड कोऑर्डिनेटर गुड्डू बाबू सागर, मिलक के डीईओ उज्ज्वल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
khabre junction
