- रिपोर्ट: अजीत पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र)। बभनी क्षेत्र के सतबहनी गांव में आंगनवाड़ी केंद्र के पास हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग रेणुकूट और जिला स्वास्थ्य विभाग सोनभद्र के संयुक्त तत्वावधान में टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कठपुतली नृत्य, नुक्कड़ नाटक और जादू के माध्यम से ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, जांच और समय पर इलाज के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर पहचान और उचित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
जागरूकता अभियान में बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को दो-तीन सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी के साथ खून आना, शाम के समय बुखार, रात में पसीना, वजन कम होना या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
ग्रामीणों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल में टीबी की निःशुल्क जांच एवं उपचार की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान त्रिवेनी सिंह, जान सिंह गोड़, मोहन सिंह गोड़, राम अवतार सिंह, जवाहर जोगी, तुकाराम, आशा कार्यकर्ता प्रभावती देवी, विजय कुमार, रामचरन तथा हिण्डाल्को सीएसआर के मुख्य ब्लॉक संयोजक लालकेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
