‘‘मोदीनगर के ग्राम रोरी में अवैध कॉलोनी पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर’’
17000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने निर्माण ढहाए, भारी विरोध के बावजूद चला कार्रवाई का डंडा
गाजियाबाद/मोदीनगर, 04 अगस्त 2025: मोदीनगर के ग्राम रोरी स्थित मंगल विहार कॉलोनी के पीछे विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर आज प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशन एवं प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में की गई।
कार्यवाही के दौरान श्री मुकेश ठाकुर पुत्र स्व. श्री धर्मवीर सिंह, श्री गौरव चौहान पुत्र श्री कुलबीर चौहान, मै0 एम0जी0 प्रॉपर्टीज, श्री जितेन्द्र कुमार पुत्र श्री राजवीर सिंह, तथा श्री सुनील व्यास पुत्र श्री शिवराज व्यास (गूजरमल साइंस फाउंडेशन सोसायटी) द्वारा खसरा संख्या 922, 923 और 924 पर किए गए अवैध निर्माण को निशाना बनाया गया। लगभग 17000 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही इस कॉलोनी में बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल, और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के दौरान अवैध निर्माणकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण की टीम व पुलिस बल की मुस्तैदी से स्थिति को नियंत्रित कर कार्रवाई पूरी की गई। प्रभारी अधिकारी ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी कि बिना वैध अनुमति के किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का पूरा स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता शामिल रहा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि आने वाले महीनों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण व सीलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
