राहुल गांधी का बड़ा आरोप: “हमारे पास वोट चोरी के 100% सबूत, चुनाव आयोग BJP के लिए कर रहा है गड़बड़ी”

नई दिल्ली | कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग (EC) भाजपा के लिए “वोट चोरी” कर रहा है और उनके पास इसका “100 प्रतिशत सबूत” है। उन्होंने इस साक्ष्य को “एटम बम” की तरह बताया और दावा किया कि इसके सामने आने के बाद चुनाव आयोग देश में कहीं छिप नहीं पाएगा।

राहुल गांधी ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा,

“मैं हल्के में यह नहीं कह रहा। हमारे पास ओपन एंड शट सबूत हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है और यह सब भाजपा के लिए हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि सबसे पहले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023, फिर लोकसभा चुनाव 2024, और अब महाराष्ट्र में भी उन्हें वोट गड़बड़ी की आशंका हुई थी।

“हमने अपनी जांच करवाई, छह महीने लगे, लेकिन जो सामने आया वह एटम बम है। जब यह फटेगा, तब EC को देश में कोई जगह नहीं मिलेगी छिपने की।”

EC पर गम्भीर आरोप, “देशद्रोह” की संज्ञा
राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि जो भी EC के भीतर शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक इस साजिश में शामिल हैं,

“उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। ये देश के खिलाफ काम कर रहे हैं। यह सीधा देशद्रोह है। आप रिटायर्ड हो सकते हैं, कहीं भी हो सकते हैं, लेकिन हम आपको ढूंढ निकालेंगे।”

बिहार पर विशेष चिंता
राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने बिहार में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर तत्काल चर्चा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मतदाताओं को वंचित करने की साजिश है।

संसद में जारी विरोध
विपक्ष लगातार संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है और SIR प्रक्रिया को पक्षपाती बताते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगा रहा है।

इस पूरे मामले ने भारतीय चुनाव प्रणाली की निष्पक्षता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है, और अब सबकी निगाहें कांग्रेस द्वारा घोषित “एटम बम” जैसे सबूत पर टिक गई हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.