मजीठा जहरीली शराब कांड में एक और मौत, पीड़ितों से मिलने गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचे अकाली नेता बिक्रम मजीठिया

बोले – दिल्ली से हुई गिरफ्तारी सिर्फ दिखावा, मुख्यमंत्री और मंत्री दें इस्तीफा

अमृतसर/मजीठा। मजीठा में जहरीली शराब कांड से लगातार मौतों का सिलसिला जारी है। सोमवार को इस घटना में एक और पीड़ित की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं, करीब छह मरीज अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचे और उन्होंने उपचाराधीन मरीजों का हालचाल जाना। मजीठिया ने मरीजों का इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी बात की और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।

पत्रकारों से बातचीत में बिक्रम मजीठिया ने कहा, “मजीठा में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आज जब मैं अस्पताल पहुंचा तो मुझे जानकारी मिली कि एक और मरीज की मौत हो चुकी है। यह घटना पंजाब सरकार की नाकामी का प्रमाण है।”

उन्होंने दिल्ली से दो लोगों की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह सिर्फ एक नौटंकी है, असली दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।” साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

मरीजों ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले 50 रुपये में एक पैकेट खरीदा था और जब लोगों की मौतें होने लगीं तो वे डर के चलते अस्पताल पहुंचे और इलाज शुरू कराया।

डॉक्टरों के अनुसार, अभी भर्ती मरीजों की हालत स्थिर नहीं है और उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से सतर्कता बरती जा रही है और मरीजों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और विपक्ष ने सरकार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.