24 जनवरी को एमडब्ल्यूबी के वार्षिक सम्मेलन में अनिल विज होंगे मुख्य अतिथि, नरेश कौशल करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता
मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन का पत्रकार सम्मान समारोह 24 जनवरी को अंबाला में पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की निशुल्क इंश्योरेंस पॉलिसी भी की जाएगी वितरित
ऐलनाबाद, 23 जनवरी (एम. पी. भार्गव)। मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबीए) द्वारा आयोजित वार्षिक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह 24 जनवरी को अंबाला स्थित हरियाणा टूरिज्म के किंगफिशर परिसर में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पत्रकारिता जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिसमें हरियाणा सरकार के ऊर्जा मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रिब्यून चंडीगढ़ के वरिष्ठ संपादक नरेश कौशल करेंगे।
एमडब्ल्यूबीए के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि यह समारोह पत्रकारों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनके कल्याण के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। समारोह में हरियाणा के विश्व विख्यात जादूगर सम्राट शंकर को उनके कला और सामाजिक योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘हरियाणा गौरव अवॉर्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ पत्रकार सोहन पाल रावत (कुरुक्षेत्र) को पत्रकारिता अलंकार अवॉर्ड तथा लाडवा के विनोद खुराना को पत्रकारिता रत्न अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
समारोह में महेंद्र गोयल (भून्ना) और विजय बजाज (फतेहाबाद) सहित कई अन्य पत्रकारों को भी निष्पक्ष और साहसी पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी ने कहा कि ये सम्मान उन पत्रकारों को समर्पित हैं, जो समाज की सच्ची आवाज बनकर कार्य कर रहे हैं।
10-10 लाख की निशुल्क इंश्योरेंस पॉलिसी
समारोह की एक अहम विशेषता यह रहेगी कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज द्वारा पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की निशुल्क इंश्योरेंस पॉलिसी वितरित की जाएगी। चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि एमडब्ल्यूबीए बिना किसी सदस्यता शुल्क के पत्रकारों को संगठन से जोड़ता है और उन्हें पूरी तरह फ्री इंश्योरेंस सुविधा उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के आर्थिक, सामाजिक और पेशेवर हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। जिला अध्यक्ष पवन चोपड़ा और उत्तरी हरियाणा संगठन मंत्री मेवा सिंह राणा ने भी इस पहल को पत्रकारों के लिए बेहद लाभकारी बताया।
‘पत्रकारिता: कल, आज और कल’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी
सम्मान समारोह के साथ-साथ ‘पत्रकारिता: कल, आज और कल’ विषय पर एक राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया विशेषज्ञ पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों, फेक न्यूज और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। इस सत्र में नरेश कौशल सहित कई अनुभवी पत्रकार अपने विचार साझा करेंगे।
एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश उप्पल, महासचिव सुरेंद्र मेहता और कोषाध्यक्ष तरुण कपूर आयोजन की मेजबानी करेंगे। अध्यक्ष चंद्रशेखर धरनी ने बताया कि एमडब्ल्यूबीए की स्थापना पत्रकारों के कल्याण के उद्देश्य से की गई थी और अब यह हरियाणा का सबसे बड़ा पत्रकार कल्याणकारी संगठन बन चुका है।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जादूगर सम्राट शंकर का विशेष प्रदर्शन भी होगा, जो आयोजन को और यादगार बनाएगा। अंत में, चंद्रशेखर धरनी ने सभी पत्रकार बंधुओं से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा और एकजुटता का उत्सव है।
khabre junction
