जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में निजी विद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण बैठक, आधारभूत सुविधाओं की होगी व्यापक समीक्षा
रिपोर्ट:सरफराज आलम
लखीसराय। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिले के सभी गैर सरकारी/निजी विद्यालयों के प्रबंधकों, निदेशकों एवं संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के कुल 183 पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का व्यापक मूल्यांकन करना था।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन स्कूलों में न्यूनतम निर्धारित सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें तुरंत चिह्नित कर उनकी सूची प्रस्तुत की जाए। इसके साथ ही सभी विद्यालयों में नामांकित छात्रों की जानकारी को ई-शिक्षाकोष पोर्टल एवं यू-डायस पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं से मिलान करने का आदेश दिया गया।
जिन विद्यार्थियों के पास आधार संख्या उपलब्ध नहीं है या आधार बनाने में समस्या आ रही है, उनकी अलग सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को यह भी कहा गया कि ऐसे छात्रों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करें जो गलती से सरकारी और निजी, दोनों विद्यालयों में एक साथ नामांकित पाए जाते हैं।
इसी क्रम में सभी निजी विद्यालयों को अपनी अद्यतन नामांकन सूची जिला शिक्षा कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।
