लखीसराय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कस्तूरबा विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय कार्यक्रम के तहत सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कैंदी (हलसी) में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और इसके उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता को मजबूत करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, वार्डन सह शिक्षिका सरिता कुमारी, एएनएम सपना कुमारी, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार एवं लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक बुराई है, बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है, जिसका दुष्प्रभाव जीवनभर झेलना पड़ता है। उन्होंने बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील करते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी।

लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। बाल विवाह उनकी प्रगति में सबसे बड़ी बाधा है, जिसे समाज के हर वर्ग को मिलकर समाप्त करना होगा।

वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा से ही सशक्तिकरण संभव है। जब बालिकाएं शिक्षित होंगी, तभी वे अपने जीवन से जुड़े निर्णय स्वयं ले सकेंगी और आत्मनिर्भर बनेंगी।

कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर छात्राओं एवं कर्मियों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। साथ ही स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण किया गया।

इस मौके पर वार्डन सह शिक्षिका सरिता कुमारी, एएनएम सपना कुमारी, एमटीएस नबींद्र दास सहित विद्यालय की दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम प्रेरणादायक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.