अमृतसर पुलिस की बड़ी कामयाबी, सीमा पार हथियार और हेरोइन तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़

चार तस्कर गिरफ्तार, 5 आधुनिक पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन और ₹5 लाख की ड्रग मनी बरामद

-ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से आती थी खेप, विदेशी हैंडलरों से जुड़े मिले तार: पुलिस

-नशा और गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, आर्थिक नेटवर्क की जांच जारी

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अत्याधुनिक .30 बोर पिस्तौल, 2.015 किलोग्राम हेरोइन, ₹5 लाख की ड्रग मनी और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह एक बड़ी सफलता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सीमा पार बैठे तस्करों और विदेशी हैंडलरों के संपर्क में था तथा ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से भेजी गई खेप को प्राप्त कर आगे सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार भैया, साहिब सिंह, संजीव नन्नू और संदीप सैनी के रूप में हुई है। इनमें से बिट्टू कुमार भैया के खिलाफ पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के लिए काम कर रहा था।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच एजेंसियां अब इस पूरे तस्करी रैकेट के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही हैं। साथ ही इसके आर्थिक नेटवर्क (फाइनेंशियल नेटवर्क) की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस राज्य को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सीमापार से संचालित नशा और हथियार तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस कमिश्नर ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे थोड़े से लालच में आकर अंतरराष्ट्रीय नशा और हथियार तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा न बनें। उन्होंने युवाओं से मेहनत, ईमानदारी और कानून के दायरे में रहकर अपना भविष्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.