Amritsar: रावी नदी में पानी का स्तर बढ़ने से आसपास के गांवों में अलर्ट
डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने लिया हालात का जायज़ा, किसानों से अपील – नदी पार खेती करने न जाएँ
अमृतसर। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार भारी बारिश के कारण रावी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इस बढ़ते दबाव को देखते हुए नदी में करीब 1 लाख 25 हज़ार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे अजनाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के समीप नदी का स्तर और ऊँचा हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमृतसर की डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी आज मौके पर पहुँचीं और नदी किनारे बसे गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाक़ात कर उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी और स्पष्ट रूप से कहा कि लोग रावी नदी के नज़दीक न जाएँ।
डीसी साहनी ने बताया कि एहतियातन कुछ गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और प्रशासन की टीमें पूरी तरह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि “फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं तो प्रशासन ने पहले से ही सभी प्रबंध कर रखे हैं।”
उन्होंने विशेष रूप से किसानों से अपील की कि जब तक नदी का स्तर ऊँचा है, वे खेती के लिए नदी पार न जाएँ। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि ब्यास नदी में अभी बिल्कुल भी खतरे की स्थिति नहीं है।
