सभी स्कूल संचालक बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, कैमरे व अग्निशामक यंत्र लगवाना सुनिश्चित करें :- यातायात थाना प्रभारी शमशेर सिंह 

करीब 100 वाहनों को चेक कर 20 वाहनों के चालान किए,दो वाहनों को इंपाउंड किया 

वाहन चलाते समय ड्राइवर मोबाइल फोन का प्रयोग न करें :- यातायात थाना प्रभारी

ऐलनाबाद 01मई ( एम पी भार्गव ,) सिरसा पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता के निर्देशानुसार जिला में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इस अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने आज रानियां थाना क्षेत्र में स्कूली बसों व अन्य वाहनों को चेक किया । यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि इस अभियान के तहत करीब 100 वाहनों की चेकिंग कर, 20 वाहनों के चालान किए गए जिसमें दो स्कूली बसों के चालन किए गए जबकि दो स्कूली बसों को इंपाउंड किया गया है । इस अभियान के तहत स्कूली बसों को भी चेक किया गया तथा स्कूल बस सचालकों को यातायात नियमों तथा माननीय अदालत के आदेशों बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए । यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह व उनकी टीम ने स्कूल बसों की जाँच के दौरान बसों में स्थापित किए गए फर्स्ट एड बॉक्स,कैमरे व अग्निशामक यंत्रो को चेक किया। ट्रैफिक थाना प्रभारी ने स्कूल बस चालकों को विशेष हिदायत देते हुए कहा कि अगर स्कूली बसों के अंदर फर्स्ट एड बॉक्स कैमरे व अग्निशामक यंत्र नहीं पाए गए तो उनके खिलाफ यातायात नियमों की अवहेलना करने के आरोप में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यातायात थाना प्रभारी ने सभी स्कूल संचालकों तथा बस ड्राइवर को अदालत द्वारा जारी आदेशों तथा यातायात नियमों की पूरी तरह से पालन करने की हिदायत दी । उन्होने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है, इसलिए उनकी सुरक्षा करना हम सबका परम कर्तव्य बनता है । इसलिए उनकी जिंदगी से किसी भी सूरत में खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा । पुलिस टीमों ने बस चालकों को हिदायत देते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, तथा बस चलाते समय किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन भी न करें। क्योंकि ऐसा करने से आप दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं । यातायात थाना प्रभारी ने स्कूली बस चालकों को बताया कि उनके द्वारा बस को सड़क पर हमेशा बाई लाईन में ही चलाया जाना चाहिए और बच्चों को बिठाने या छोड़ने के लिए सही तरीके से साईड पर रूकना चाहिए। उन्होंने स्कूल बस चालकों से कहा कि सभी को सड़क पर चलते समय नियमों, रेड लाईट पर जैबरा क्रासिंग से पहले रूकना, अपने वाहन को हमेशा सफेद लाईन से निचे खड़ा करना, बसों में निर्धारित बच्चे बिठाना ही सुनिश्चित करें । वाहन को मोड़ने से पहले वाहनों में लगे इंडिकेटर का प्रयोग करना चाहिए तथा निधारित गति सीमा में ही अपने वाहन को चलाना चाहिए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.