रामपुर, 30 अक्टूबर 2025। आज दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को जनपद रामपुर के समस्त थानों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत भारतीय न्याय संहिता-2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 — इन तीनों नए कानूनों के संबंध में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आमजन, छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को नए कानूनों की प्रमुख विशेषताओं, उनके उद्देश्य, नागरिकों के अधिकारों एवं न्याय प्रणाली में होने वाले सुधारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी साझा की गईं।
विद्यार्थियों को विषयों की गहन समझ दिलाने के लिए वीडियो प्रेजेंटेशन और पावर पॉइंट प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से जानकारी दी गई। थाना प्रभारियों ने बताया कि ये नए कानून न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल एवं जनहितकारी बनाएंगे, जिससे आमजन को त्वरित न्याय प्राप्त होगा।
रामपुर पुलिस द्वारा इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि नागरिक अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहें और नए विधिक प्रावधानों की पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकें।
