वक्फ बिल के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे अखिलेश यादव, कहा- लोगों की हत्या …
जौनपुर में कहा- प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर कर लोगों की हत्या की जा रही
जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। वे यहां पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सरजूदेई के दिवंगत पति धर्मराज यादव को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने वक्फ संशोधन बिल का विरोध करते हुए कहा कि इस मामले को वे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे।
अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार किसी भी मोर्चे पर सफल नहीं रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में फर्जी एनकाउंटर के जरिए निर्दोष लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा, “सरकार कानून का नहीं बल्कि डर का राज चला रही है।”
बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ मीटर बदलवाने और बिल बढ़ाने में लगी है, जबकि जनसामान्य को कोई राहत नहीं मिल रही। उन्होंने समाजवादी सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि “हमारे समय में दिए गए लैपटॉप आज भी छात्रों के काम आ रहे हैं।”
वन नेशन वन इलेक्शन के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा, “अगर हिम्मत है तो यूपी का विधानसभा चुनाव एक साथ करवाकर दिखाएं।” बरेली की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया और कहा कि “पुलिस खुद ही एफआईआर दर्ज कर रही है और खुद ही गिरफ्तारी कर रही है।”
ईवीएम को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए और कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ईवीएम पर शक जताया था। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं और इस पर मंथन जरूरी है।
अंत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, “भाजपा का यूपी से पूरी तरह सफाया हो जाएगा। जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी ही उसका विकल्प है।”
