Ahoi Ashtami 2025: संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए रखा जाता है अहोई अष्टमी का व्रत, जानें स्याहु माला का महत्व

नई दिल्ली। हिंदू धर्म में अहोई अष्टमी व्रत का विशेष महत्व माना गया है। यह व्रत माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना से रखती हैं। यह व्रत भी करवा चौथ की तरह निर्जला होता है, जिसमें महिलाएं दिनभर बिना अन्न-जल ग्रहण किए अहोई माता का पूजन करती हैं। कुछ महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना से भी यह व्रत करती हैं और इसे अत्यंत फलदायी व्रत माना गया है।

इस वर्ष अहोई अष्टमी का व्रत 13 अक्टूबर 2025, सोमवार को रखा जाएगा। इस दिन अहोई माता और स्याहु माता की पूजा की जाती है और महिलाएं स्याहु माला पहनती हैं।

 महिलाएं क्यों पहनती हैं स्याहु माला?

अहोई अष्टमी का व्रत संतान की भलाई के लिए समर्पित होता है। इस दिन पहनी जाने वाली स्याहु माला लाल या सफेद धागे की बनी होती है, जिसमें चांदी के मोती और स्याहु माता की चांदी की तस्वीर लगी होती है।
हर वर्ष इस माला में दो चांदी के मोती बढ़ाए जाते हैं, जो संतान की उम्र और समृद्धि का प्रतीक माने जाते हैं। मान्यता है कि स्याहु माला की पूजा करने से स्याहु माता प्रसन्न होती हैं और बच्चे को लंबी उम्र व स्वास्थ्य का आशीर्वाद देती हैं।

अहोई अष्टमी की पूजा विधि

अहोई अष्टमी के दिन प्रातः स्नान करके महिलाएं नए वस्त्र धारण करती हैं और घर के मंदिर को स्वच्छ करती हैं। पूजा स्थल पर लाल कपड़ा बिछाकर अहोई माता की तस्वीर रखी जाती है तथा मिट्टी के घड़े में पानी भरकर पूजा में रखा जाता है।
अहोई माता की तस्वीर पर स्याहु माला चढ़ाई जाती है, फिर माता का तिलक कर पूजा आरंभ की जाती है। इस समय संतान को पास बिठाना शुभ माना जाता है।

पूजा के बाद महिलाएं स्याहु माला अपने गले में पहनती हैं और तारों को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करती हैं।
यह माला दीवाली तक पहनी जाती है, और पूजा में रखा गया घड़े का जल दिवाली के दिन संतान को स्नान कराने में उपयोग होता है। जो महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना से यह व्रत रखती हैं, वे स्वयं भी इस जल से स्नान करती हैं — इसे स्याहु माता का आशीर्वाद माना गया है।

डिस्क्लेमर:
यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। khabrejunction.com इसकी पुष्टि नहीं करता। किसी भी धार्मिक कर्मकांड या व्रत से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.